December 14, 2025
ak yadav

लखनऊ | Choir India News Network
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज़मगढ़ में अपने नए पार्टी कार्यालय ‘PDA भवन’ का भव्य उद्घाटन किया। पहली नज़र में यह राज्य भर में बन रहे सपा कार्यालयों की श्रृंखला का हिस्सा लगता है, लेकिन पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, यह भवन आने वाले समय में पूर्वांचल का सपा मुख्यालय बनने वाला है — विशेष रूप से 2027 विधानसभा चुनावों के लिए।

🏗️ 2021 से ही थी योजना, 6.5 करोड़ में खरीदी गई ज़मीन

PDA भवन का सपना अखिलेश यादव ने 2022 चुनाव से पहले ही देखा था।
22 जनवरी 2021 को, 38 बिस्वा और 16 कड़ी (करीब 2.46 एकड़) ज़मीन 11 किसानों से खरीदी गई। ज़मीन का रजिस्ट्रेशन 6.5 करोड़ रुपये में पार्टी के नाम हुआ, जिसमें स्टांप शुल्क ₹45.90 लाख और रजिस्ट्रेशन शुल्क ₹6.5 लाख शामिल थे।

📍 लोकेशन रणनीतिक, लखनऊ से सीधा कंट्रोल हटेगा

यह नया कार्यालय आज़मगढ़ जिला मुख्यालय से महज़ 3 किलोमीटर और मांडुरी एयरस्ट्रिप से 7 किलोमीटर दूर है, जिससे पार्टी नेताओं की आवाजाही आसान होगी। यही नहीं, अब तक लखनऊ से पूर्वांचल को नियंत्रित किया जा रहा था, लेकिन अब 168 विधानसभा सीटों पर सीधा निगरानी केंद्र यहीं से चलेगा।

🏢 क्या-क्या सुविधाएं होंगी?

  • अखिलेश यादव का निजी कार्यालय
  • पर्सनल स्टाफ के लिए अलग केबिन
  • आगंतुकों के लिए वेटिंग गैलरी
  • मीडियाकक्ष और सेकंड रैंक लीडर्स के लिए रूम्स
  • 2000 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम

📊 राजनीतिक संदेश और गहरी रणनीति

यह कार्यालय सिर्फ भव्यता नहीं, बल्कि राजनीति का भी संदेश देता है। गोरखपुर (CM योगी का गृह जिला) और वाराणसी (PM मोदी की लोकसभा सीट) के बीच स्थित आज़मगढ़ में यह भवन सपा की शक्ति का नया केंद्र होगा।
पार्टी सूत्रों का मानना है कि यही कार्यालय PDA रणनीति (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को धार देगा। Yadav, Kurmi, Rajbhar, Kushwaha, Muslim, Dalit जैसे वर्गों में सपा की पैठ को मजबूत करने के लिए ये कदम निर्णायक साबित होगा।

❤️ मुलायम सिंह की ‘धड़कन’ था आज़मगढ़

अखिलेश का आज़मगढ़ से भावनात्मक रिश्ता भी है। 2015 में मुलायम सिंह यादव ने कहा था,
“अगर मैनपुरी मेरा दिल है, तो आज़मगढ़ मेरी धड़कन।”
2012, 2017 और 2022 में ज़िले की 10 में से 9–10 सीटें सपा ने जीतीं।
आजमगढ़ लोकसभा सीट से खुद मुलायम सिंह (2014), अखिलेश यादव (2019) और धर्मेंद्र यादव (वर्तमान सांसद) सांसद रह चुके हैं।

🗳️ 2027 में यहीं से लड़ेगी सपा अपनी सबसे बड़ी लड़ाई

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आज़मगढ़ से सपा का यह दांव 2027 में सत्ता का रास्ता खोल सकता है। सपा के लिए PDA भवन न केवल एक नया ठिकाना है, बल्कि पूर्वांचल में भाजपा को चुनौती देने की मजबूत तैयारी भी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *