लखनऊ। चौक क्षेत्र में हुई सर्राफा चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, यह चोरी 8 अगस्त को चौक स्थित एक सर्राफा कारोबारी की वर्कशॉप से हुई थी, जिसमें लाखों रुपये के आभूषण गायब हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए अलग-अलग टीमों को लगाया और तकनीकी व मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है –
अनिल चौधरी (24 वर्ष) पुत्र संदीप कुमार, निवासी चौधरी गढ़ैया, सर्वेंट क्वार्टर, जगत नारायण रोड, थाना वजीरगंज, लखनऊ।
यासिर हुसैन (27 वर्ष) पुत्र अशद हुसैन, निवासी शीश महल, हुसैनाबाद, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ।
मोहम्मद मजहर (30 वर्ष) पुत्र ज़फ़र, निवासी हुसैनाबाद शिवपुरी, मुर्गखाना, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ।
उमेश कनौजिया (32 वर्ष) पुत्र जगन कनौजिया, निवासी चौबे डेरी के पास, थाना मड़ियांव, लखनऊ।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी की इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राजधानी से बाहर निकलने की फिराक में थे। लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से चोरी किए गए आभूषण और अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इस मामले में तेजी से कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करना पुलिस की बड़ी सफलता है। चौक क्षेत्र जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना से व्यापारी वर्ग में चिंता का माहौल था, लेकिन खुलासे के बाद उन्हें राहत मिली है।
चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह गैंग पहले भी कई जगह वारदात कर चुका है।
