लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है और कई इलाकों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार रात से ही मौसम सुहावना हो गया था और सोमवार सुबह कई जगहों पर तेज बारिश दर्ज की गई। इससे लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन साथ ही खतरे भी बढ़ गए हैं।
भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department) के अनुसार, अगले 7 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। इसके पीछे 7 साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पाकिस्तान सीमा के पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ को मुख्य कारण बताया जा रहा है। इस दौरान तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और ओले गिरने की संभावना है।
वहीं गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, बरेली और प्रयागराज समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा और मुजफ्फरनगर भी इस दायरे में हैं। हालांकि बुंदेलखंड क्षेत्र में फिलहाल मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। जरूरी काम न होने पर घर से बाहर न निकलें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके। किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है।
तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों में ओरई सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद बांदा (40.6), झांसी (39.4) और प्रयागराज (38.2) रहे। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई में 16.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बाराबंकी (18), अयोध्या (18.5) और सुल्तानपुर (18.6) भी अपेक्षाकृत ठंडे रहे।
#UPWeather #RainAlert #IMD #StormAlert #Hailstorm #WeatherUpdate #IndiaNews #PublicSafety #MonsoonAlert #UttarPradesh
